कश्मीर में तड़के LOC पर हलचल : फिर गूंजने लगीं गोलियां, घुसपैठ की कोशिश नाकाम
सुरक्षा बलों ने तुरंत संभाला मोर्चा
जम्मू। कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर शनिवार तड़के सुरक्षा बलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। इस दौरान कुछ देर तक गोलीबारी हुई। अधिकारियों सूत्रों के अनुसार यह गोलीबारी तड़के तीन से चार बजे के बीच त्रेहगाम पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले जुमगुंड इलाके में हुई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, सुरक्षा कर्मियों ने नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद कुछ देर तक गोलीबारी हुई। सेना ने अब तक इस घटना पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
नियंत्रण रेखा पर सर्दियां शुरू होने से पहले घुसपैठ की कोशिशों में अक्सर बढ़ोतरी देखी जाती है। भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रे बंद होने और कई रास्तों के दुर्गम हो जाने से पहले आतंकवादी घाटी में घुसने की कोशिश कर सकते हैं। इस अवधि में सेना आमतौर पर नियंत्रण रेखा के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही इलाके में गश्त और नियंत्रण अभियान तेज कर देती है, ताकि घुसपैठ की कोशिशों को रोका जा सके।

Comment List