100 दिन में बदलेगी जयपुर की सूरत, 500 लोकेशन पर चलेगा सफाई और सौंदर्यीकरण अभियान
मुख्य सड़कों की मरम्मत से लेकर अवैध डेयरियों और मीट-मांस की दुकानों पर कार्रवाई
जयपुर। गुलाबी नगरी को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने 100 दिवसीय विशेष कार्य योजना तैयार की है। इसके तहत शहर की करीब 500 चिन्हित लोकेशन पर विशेष अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा। मुख्य सड़कों की मरम्मत के साथ अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई भी अभियान का हिस्सा होगी। कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जोनवार लक्ष्य निर्धारित किए जाएंगे। महापौर सुनील कोठारी और नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में कार्ययोजना के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों को शहर की स्वच्छता और सुंदरता बढ़ाने के साथ सार्वजनिक स्थलों की स्थिति सुधारने तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
मुख्य सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता :
कार्ययोजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाएगी। साथ ही अवैध डेयरियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने, आवारा और निराश्रित पशुओं को पकड़ने तथा अवैध मीट मांस की दुकानों को हटाने पर फोकस किया जाएगा।
500 स्थानों पर तय होंगे जोनवार लक्ष्य :
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शहर में करीब 500 स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष कार्य करवाए जाएंगे। संबंधित जोन के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर प्राथमिकता से काम पूरा करना होगा।

Comment List