युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक करेगा 60 दिवसीय अभियान, जागरूकता के साथ तंबाकू नियंत्रण
सोशल मीडिया के जरिए भी जागरूकता बढ़ाई
जयपुर। युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने और तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जयपुर प्रथम में टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में जागरूकता के साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों की पालना पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि अभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान और तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा को बढ़ावा दिया जाएगा।
अभियान में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा) 2003 और इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 के प्रावधानों की प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाएगी। सोशल मीडिया के जरिए भी जागरूकता बढ़ाई जाएगी। डॉ. शेखावत ने बताया कि अभियान की प्रतिदिन रिपोर्टिंग राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के पोर्टल पर होगी। उन्होंने आमजन, अभिभावकों और शिक्षकों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की।

Comment List