शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान, चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज
जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई
जयपुर। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार देर रात जयपुर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान सीकर रोड स्थित कुकड़खेड़ा मंडी में मोना एंड कंपनी से चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज की गई। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई भी की।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। मोना एंड कंपनी से काली मिर्च, पिस्ता कतरन और चांदी के वर्क के नमूने लिए गए। इसके अलावा विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से काजू टुकड़ी और खरबूजे के बीज, जबकि रिलायंस मार्ट से गुलाब जामुन, मसूर पाक, बादाम और घी के नमूने लिए गए। कुकड़खेड़ा मंडी के रघु एंटरप्राइजेज से भी काजू का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और पैकेजिंग-लेबलिंग के नियमों की पालना के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान जारी रहेगा।

Comment List