शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान : चार दिन तक एक ही तेल में तली जा रही थीं कचौरियां, खाद्य टीम ने लिए नमूने
रोजाना 700-800 कचौरियां तैयार होती हैं
जयपुर। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने शहर की प्रमुख मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए तथा खराब मिठाइयों को नष्ट करवाया। सीएमएचओ डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि रावत मिष्ठान भंडार, जगतपुरा से केसर पिस्ता बर्फी और इस्तेमाल किए जा रहे तेल के नमूने लिए गए। मौके पर प्याज की कचौरियां बन रही थीं। पूछताछ में हलवाई ने बताया कि तेल चार दिन में बदला जाता है। मैनेजर के अनुसार, रोजाना 700-800 कचौरियां तैयार होती हैं। टीम ने आशंका जताई कि कई दिनों तक एक ही तेल इस्तेमाल करने से उसमें टीपीसी (टोटल पोलर कंपाउंड्स) की मात्रा बढ़ सकती है और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
इसके अलावा कान्हा स्वीट्स से घेवर, शंकरवाला स्वीट्स से मावा सहित अन्य प्रतिष्ठानों से मावा, मिल्क केक, समोसा, काजू कतली और मावा बर्फी के नमूने लिए गए। शंकरवाला स्वीट्स से करीब 20 किलो खराब पुरानी मिठाइयां नष्ट करवाई गईं। शर्मा स्वीट्स से मिलावट की आशंका पर मिश्री मावा का नमूना भी लिया गया।

Comment List