बीज के नाम पर किसानों से धोखा : मूंगफली के 15 में से 14 नमूने फेल, कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा सख्त
संबंधित फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
जयपुर। राजस्थान में किसानों को बेचे जा रहे मूंगफली के बीजों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर अनियमितता सामने आई है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षणों के दौरान ग्रो आउट टेस्ट में जांचे गए 15 नमूनों में से 14 आनुवंशिक शुद्धता के निर्धारित मानकों पर अमानक पाए गए। मामले में संबंधित फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
कृषि मंत्री ने बताया कि विभाग को शिकायत मिली थी कि कुछ व्यापारी बाजार से अनाज खरीदकर उसे आकर्षक पैकिंग में बीज के रूप में बेच रहे हैं। इसके बाद गोविंदगढ़, सीकर, जयपुर, सुजानगढ़, चूरू और बीकानेर में औचक निरीक्षण किए गए। मूंगफली की जीजी-10, आरजी-510, टीजी-37ए, टीजीवी-24 और आरजी-578 किस्मों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
चार सदस्यीय विशेषज्ञ दल ने बीजों को उगाकर संदर्भ किस्मों से तुलना की। जांच में जीजी-10 के नमूनों में आनुवंशिक शुद्धता 4.12 से 6.37, टीजीवी-24 के एक नमूने में मात्र 2.25 प्रतिशत मिली। आरजी-510 में यह स्तर 61.12 से 67.25 और आरजी-578 में 30.12 से 37.75 प्रतिशत रहा। डॉ. मीणा ने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। गुणवत्ताहीन बीज बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment List