मुख्य सचिव ने किया एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाएं देख जताई नाराजगी
मुख्य सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार सुबह अचानक सवाई मानसिंह हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। पंत जैसे ही अस्पताल पहुंचे लेट लेट आने वालों में हड़कप मच गया l
जयपुर। मुख्य सचिव सुधांश पंत ने मंगलवार सुबह अचानक सवाई मानसिंह हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। पंत जैसे ही अस्पताल पहुंचे लेट लेट आने वालों में हड़कप मच गया। पंत ने दौरे की शुरूआत रजिस्ट्रेशन काउंटर ब्लॉक से की। इसके बाद ओपीडी ब्लॉक, जनरल महिला वार्ड, कंट्रोल रूम और एमआरआई सेंटर भी। उन्होंने ओपीडी ब्लॉक में बुजुर्ग और गंभीर मरीजों के लिए ब्हील चेयर और वार्ड बॉय की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान एमआरआई समेत दूसरी जांचों में हो रही वेटिंग को कम करने के लिए कहा। इसके लिए ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को राहत मिल सके। हालांकि पंत ने इमरजेंसी ब्लॉक का दौरा नहीं किया, जहां सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों को आती है।
दरअसल बिना किसी सूचना के आज मुख्य सचिव सुबह करीब 9:45 बजे एसएमएस हॉस्पिटल के रजिस्ट्रेशन काउंटर पहुंचे। यहां सीएस के पहुंचने की सूचना मिलने पर हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. अचल शर्मा, एसएमएस के प्रिंसिपल डॉक्टर राजीव बगरहट्टा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। रजिस्ट्रेशन काउंटर की व्यवस्था से सीएस संतुष्ट नजर आए और उसके बाद वे धन्वन्तरी ओपीडी ब्लॉक गए, जहां उन्होंने जनरल मेडिसिन एरिया का दौरा किया। यहां उन्होंने दवाई काउंटर पर व्यवस्थाएं देखी और डॉक्टरों की उपस्थिति की जांच की। यहां कुछ गंभीर मरीजों को पैदल आता देख पंत ने ओपीडी ब्लॉक में व्हील चेयर की संख्या बढ़ाने और ट्रॉली व वार्ड बॉय की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा ने सबसे पहले एसएमएस हॉस्पिटल का ही औचक निरीक्षण किया था। तब उन्होंने कई अव्यवस्थाएं देखी और उन्हें सुधारने के निर्देश दिए थे। इस दौरान स्टाफ के गैर उपस्थित मिलने पर दो नर्सिंग कर्मचारियों को निलंबित भी किया था।

Comment List