निकाय चुनाव में चूके कांग्रेस नेता अब पंचायत चुनाव में आजमा रहे किस्मत, कई उम्मीदवार पैराशूटर के रूप में मैदान में उतरे
कई ने खरीदी कृषि भूमि के नाम पर प्राप्त किया टिकट
जयपुर। गत विधानसभा चुनाव और हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव में दुबारा टिकट से वंचित अथवा चुनाव में पराजित नेताओं ने सत्ता में बने रहने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। ये नेता अब पंचायतीराज चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के टिकट हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। कई उम्मीदवार पैराशूटर के रूप में मैदान में उतरे हैं तो कई ने अपने पैतृक गांव अथवा खरीदी कृषि भूमि के नाम पर टिकट प्राप्त किया है। जयपुर, अजमेरए, टोंक, दौसा, अलवर, सीकर और चूरू सहित कई जिलों में ऐसे दो दर्जन से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उदाहरण के तौर पर जयपुर में कांग्रेस की ओर से निवर्तमान उप जिला प्रमुख मोहन डागर वार्ड 12 से और युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष यशवीर सूरा वार्ड 28 से मैदान में हैं।
इन नेताओं के समर्थक भी सक्रिय हो गए हैं। उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनके नेता को किसी न किसी पद की सत्ता अवश्य मिल जाएगी। सत्ता की इस होड़ ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना दिया है। विधानसभा और निकाय चुनावों में मिली असफलता के बाद भी ऐसे कई नेता ग्रामीण सत्ता के माध्यम से अपनी राजनीतिक उपस्थिति बनाए रखना चाहते हैं।

Comment List