कांग्रेस का रैली आदेश: ब्लॉक स्तर तक लक्ष्य तय, लेकिन टिकट-ठहरने का इंतजाम खुद करें
एआईसीसी का राष्ट्रीय वॉर रूम राज्यवार तैयारियों की निगरानी
जयपुर । कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 अक्टूबर को जयपुर पहुंचने वाले हैं। राजधानी में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में वे दिल्ली में एक नवंबर को प्रस्तावित विपक्ष की विशाल रैली के लिए राजस्थान से अधिकतम भीड़ जुटाने के टारगेट और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और जूली मौजूद रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में जिला स्तर से कार्यकर्ताओं को जुटाने, परिवहन व्यवस्था और रैली में राजस्थान की भागीदारी बढ़ाने के ठोस उपायों पर फैसला लिया जाएगा। विपक्षी दलों की एकजुटता दिखाने के मकसद से हो रही इस दिल्ली रैली को कांग्रेस रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। वेणुगोपाल के जयपुर दौरे से प्रदेश इकाई में सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल राष्ट्रीय रैली के लिए सभी प्रदेश इकाइयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ आयोजित इस रैली में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के आदेश में ब्लॉक स्तर तक लक्ष्य तय करने को कहा गया है। 22 अक्टूबर के परिपत्र में स्पष्ट निर्देश है कि पीसीसी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों और जमीनी कार्यकर्ताओं की अधिकतम संभव भागीदारी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक जिले और ब्लॉक का प्रतिनिधिमंडल तय कर जनभागीदारी की योजना 26 अक्टूबर तक एआईसीसी को भेजनी होगी।
दिलचस्प बात यह है कि आदेश में साफ लिखा गया है कि त्योहारों के मौसम में भीड़ देखते हुए रेल-बस टिकटों और दिल्ली में ठहरने की व्यवस्था स्वयं करें तथा अग्रिम बुकिंग सुनिश्चित करें। राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि जो व्यवस्था पारंपरिक रूप से हर प्रतिनिधिमंडल खुद ही करता आया है, उसे आधिकारिक आदेश में दोहराने की क्या जरूरत थी। आलोचकों का कहना है कि सवारी अपने माल का खुद ध्यान रखे, वाली बात को कागजी रूप देने से ज्यादा कुछ नहीं निकला। एआईसीसी का राष्ट्रीय वॉर रूम राज्यवार तैयारियों की निगरानी करेगा।

Comment List