फर्जी जीएसटी बिलिंग सिंडिकेट का खुलासा, 4.58 करोड़ रुपए नकद बरामद
व्यापारियों को नकद लौटाने वाला नेटवर्क बेनकाब
जयपुर। वस्तु एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (DGGI) की जयपुर जोन यूनिट ने फर्जी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के जरिए करोड़ों रुपए की जीएसटी चोरी से जुड़े संगठित सिंडिकेट का खुलासा किया है। टीम ने दिल्ली में लगातार तीन दिन तक विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर 4 करोड़ 58 लाख 60 हजार रुपए नकद बरामद किए। कार्रवाई में लैपटॉप, मोबाइल, बड़ी संख्या में चेकबुक और विभिन्न फर्मों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
बिना माल की आपूर्ति के जारी करते थे बिल
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सिंडिकेट कथित तौर पर बिना वास्तविक माल की आपूर्ति किए फर्जी जीएसटी बिल जारी कर व्यापारियों को अवैध रूप से ITC उपलब्ध कराता था। इसके बदले RTGS के जरिए बैंक खातों में लेन-देन किया जाता और संबंधित व्यापारियों तक नकदी वापस पहुंचाने की व्यवस्था थी। जांच में दिल्ली के रोहिणी निवासी विपुल गोयल की भूमिका भी सामने आई है। उसके कार्यालय की तलाशी के दौरान नकदी बरामद हुई। DGGI अब सिंडिकेट के अन्य सदस्यों, फर्जी ITC का लाभ लेने वाले व्यापारियों, बैंकिंग लेन-देन और नकदी के प्रवाह की जांच कर रही है। जब्त डिजिटल उपकरणों और दस्तावेजों के विश्लेषण से मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Comment List