उज्जैन में दर्दनाक हादसा: होटल के चैंबर में दम घुटने से 4 लोगों की मौत, बचाने पहुंचे 2 की तबीयत बिगड़ी
सीपीआर के बावजूद नहीं बची जान
उज्जैन। मध्यप्रदेश में उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में चैंबर की सफाई के दौरान दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई। उन्हें बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर भी घायल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात में होटल के ओवरग्राउंड चैंबर की सफाई के लिए एक व्यक्ति अंदर उतरा था। उसके बाहर नहीं आने पर एक के बाद एक तीन अन्य लोग भी चैंबर में उतर गए और सभी अंदर फंस गए। मृतकों में कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा की पहचान हुई है, जबकि चौथे मृतक की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।
सूचना मिलने पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चैंबर का गेट खोलने में परेशानी आने पर थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया ने पास में चल रहे निर्माण कार्य से कटर मशीन मंगवाई। इसकी मदद से गेट काटकर रास्ता बनाया गया। चैंबर के फर्श पर अधिक फिसलन होने के कारण बचाव कार्य में भी कठिनाई आई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चारों लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिसकर्मियों ने उन्हें दो मिनट से अधिक समय तक सीपीआर दिया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
बताया गया कि चार लोगों के अंदर फंसने के बाद हेमराज नाम का पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर में गया था, लेकिन घबराहट और बेहोशी महसूस होने पर वह बाहर आ गया। वहीं, फंसे लोगों को बचाने के लिए अंदर उतरे दो अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक शर्मा भी मौके पर पहुंचे और बचाव दल को निर्देश दिए।

Comment List