मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती : मावा-दूध के 14 नमूने लिए, अधिकांश प्रतिष्ठानों में मिली गंदगी; नोटिस जारी
निरीक्षण में मिलीं कई खामियां
जयपुर। त्योहारी सीजन में मावा, दूध और मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने चिथवाड़ी मोड़ से घठवाड़ा तक मावा निर्माण इकाइयों और दूध आपूर्ति केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। शुक्रवार देर रात से शनिवार अलसुबह तक चली कार्रवाई में मावा और मिश्रित दूध के 14 नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में मावा निर्माण प्रक्रिया, दूध की गुणवत्ता, कच्चे माल, भंडारण और साफ-सफाई की जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश प्रतिष्ठानों में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलीं। कई जगह खाद्य सामग्री संभालने वाले कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और परिसर की पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी। इस पर एसएस डेयरी, एमके एंटरप्राइजेज सहित अधिकांश प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। विभाग ने कारोबारियों को स्वच्छता मानकों की पालना, नियमित पेस्ट कंट्रोल और आवश्यक दस्तावेज संधारित रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Comment List