40 विला प्रकरण में सरकार का दूसरा बड़ा एक्शन, वरिष्ठ IPS प्रशाखा माथुर भी APO
विस्तृत जांच की मंजूरी दी
जयपुर। राजस्थान में 40 विला खरीद प्रकरण को लेकर राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर एक और बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं 1995 बैच की अधिकारी डॉ. प्रशाखा माथुर को पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (APO) में रखा गया है। कार्मिक विभाग ने शनिवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। यह कार्रवाई उनके पति और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल को पहले ही एपीओ किए जाने के बाद हुई है। शिखर अग्रवाल को 40 विला और कॉटेज खरीद प्रकरण में 28 अक्टूबर को एपीओ किया गया था। इसके बाद राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को उनके खिलाफ विस्तृत जांच की मंजूरी भी दी है।
उल्लेखनीय है कि शिखर अग्रवाल, प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों के नाम पर उदयपुर के बुझड़ा और अलवर के अजबगढ़ में एक ही कंपनी से विला-कॉटेज खरीदने का मामला सामने आया था। इन संपत्तियों को उसी कंपनी को लीज पर दिए जाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। प्रशाखा माथुर को एपीओ किए जाने की कार्रवाई को इस प्रकरण में सरकार के बढ़ते प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, संपत्ति खरीद से जुड़े आरोपों की एसीबी में जांच अभी जारी है और आरोपों का अंतिम निर्धारण जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगा।

Comment List