जयपुर में अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश : 3 आरोपी गिरफ्तार; 9 मोटरसाइकिल बरामद
शिवदासपुरा थाना पुलिस की कार्रवाई
जयपुर। जयपुर दक्षिण पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। ये मोटरसाइकिलें झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमेठा से बरामद की गईं।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर शहर में लगातार हो रही दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने विशेष निर्देश दिए थे। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन तथा सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में शिवदासपुरा थानाधिकारी श्री राजेश गौतम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टीम ने थाना शिवदासपुरा में दर्ज प्रकरण संख्या 1004/2026 धारा 303(2) बीएनएस में तकनीकी सहायता से तीन आरोपियों को डिटेन कर पूछताछ की। आरोपियों ने शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर 9 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित रूप से चोरी कर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे। इस पर मुकदमे में लघु संगठित अपराध की धारा 112(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील बैरागी उर्फ सोनू (23) निवासी बारां, कोमल मेघवाल (23) और अक्षय गौतम (20), दोनों निवासी ग्राम आमेठा, जिला झालावाड़ शामिल हैं।

Comment List