जयपुर छात्राओं ने सीखी आत्मरक्षा की तकनीकें, एएसपी सुनीता मीना ने दिए लाइव डेमो
जयपुर पुलिस ने छात्राओं को आत्मरक्षा की तकनीकें सिखाई
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जयपुर पुलिस की कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने एक निजी विश्वविद्यालय में आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। एएसपी सुनीता मीना ने छात्राओं को लाइव डेमो के साथ सुरक्षा तकनीकें सिखाईं।
जयपुर । महिलाओं के सशक्तिकरण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जयपुर पुलिस की कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने एक निजी विश्वविद्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की छात्राओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकें सिखाई गईं, जिससे उन्हें आत्मविश्वास की नई उड़ान मिली। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुनीता मीना ने मुख्य भूमिका निभाई और छात्राओं को सुरक्षा का मंत्र दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन से हुआ। एएसपी मीना ने छात्राओं को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया, बल्कि लाइव डेमो के माध्यम से आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के तरीके भी सिखाए। उन्होंने जोर देकर कहा, "आत्मरक्षा केवल एक कौशल नहीं है, बल्कि सुरक्षा का आधार है।"
छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानसिक सतर्कता के महत्व को समझा।विश्वविद्यालय की पीओएसएच एक्ट की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) की अध्यक्ष डॉ. ऋतु शर्मा ने संबोधन में कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान का मूल आधार आत्मविश्वास में निहित है। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) एस.एल. गोदारा और प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) भावना देठा ने इस पहल को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताते हुए पुलिस के प्रयासों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। निदेशकों, प्राचार्यों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।इस आयोजन से यह संदेश मजबूत हुआ कि सशक्त महिला ही सुरक्षित समाज की आधारशिला है।

Comment List