जयपुर स्थापना दिवस पर ऐतिहासिक स्मारकों में सैलानियों का तिलक और माला पहनाकर किया स्वागत, आमेर महल से हवामहल तक दिखी उत्सव की रंगत
आमेर महल से हवामहल तक दिखी उत्सव की रंगत
जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग की ओर से संरक्षित स्मारकों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। अचानक हुए इस आत्मीय अभिनंदन से पर्यटक भी अभिभूत नजर आए और उन्होंने इस पहल की सराहना की। इस अवसर पर आमेर महल, जंतर-मंतर स्मारक, हवामहल स्मारक और अल्बर्ट हॉल संग्रहालय सहित सभी ऐतिहासिक स्थलों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।
रंग-बिरंगी रंगोलियों और पारंपरिक स्वागत ने यहां आने वाले सैलानियों को जयपुर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और मेहमाननवाजी का खास अहसास कराया। जयपुर की स्थापना के 299 वर्ष पूरे होने और 300वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित इस पहल के जरिए पर्यटकों को शहर की ऐतिहासिक विरासत के साथ उसकी सांस्कृतिक पहचान से भी रूबरू कराया गया।

Comment List