ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा राजस्थान, आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल रही : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से राजस्थान ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सुदृढ़ विद्युत व्यवस्था के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई संभावनाओं को आकार दिया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आमजन, किसान और उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुरूप निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत विद्युत तंत्र से जहां आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं, वहीं किसानों को दिन के समय सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इससे किसानों को रात में सिंचाई करने की परेशानी से राहत मिलेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के लिए पर्याप्त एवं विश्वसनीय ऊर्जा आपूर्ति बेहद जरूरी है। सरकार विद्युत उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ वितरण व्यवस्था को भी सुदृढ़ कर रही है, ताकि उद्योगों को आवश्यक ऊर्जा उपलब्ध हो सके और नए निवेश को प्रोत्साहन मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे ये प्रयास राजस्थान की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत और आत्मनिर्भर बनाते हुए विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करना है।

Comment List