दिवाली से पहले शुभ संयोग, रवि पुष्य योग में खरीदारी की धूम
सोना-चांदी, ऑटो मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावट के सामानों की मांग
जयपुर। पुष्य नक्षत्र और रवि योग के दुर्लभ संयोग ने जयपुर सहित पूरे राजस्थान के बाजारों में त्योहारी खरीदारी की रौनक बढ़ा दी। धनतेरस (6 नवंबर) और दिवाली (8 नवंबर) से ठीक पहले आया यह शुभ योग सोना-चांदी, आभूषण, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, होम अप्लायंसेज, रेडीमेड गारमेंट्स, डेकोरेशन आइटम और लाइट्स की खरीदारी के लिए बेहद शुभ माना गया है। चारदीवारी से लेकर मॉल तक बाजार सज-धजकर तैयार थे और दिनभर ग्राहकों की भीड़ बनी रही।
सर्राफा और ज्वेलरी बाजार में रौनक :
सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर के महामंत्री मातादीन सोनी ने बताया कि जयपुर सर्राफा बाजार में सोना-चांदी के भाव में हालिया गिरावट के बाद खरीदारों में उत्साह है। शुद्ध सोना करीब 1,42,000 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 1,84,800 रुपए प्रति किलो के आसपास है। जौहरी बाजार, त्रिपोलिया और एमआई रोड पर सोने-चांदी के सिक्के, जेवर और बर्तन की मांग बढ़ी है। जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल का कहना है कि आज से बही-खातों की बुकिंग और डिलीवरी जोरों पर है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में रिकॉर्ड बिक्री :
फाडा राजस्थान के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ने बताया कि त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल डीलरों को अच्छी बिक्री हुई। नई कारों, दोपहिया वाहनों और इस्तेमालशुदा वाहनों की पूछताखोज बढ़ गई है। कई डीलरशिप पर विशेष ऑफर और फाइनेंस सुविधाएं उपलब्ध हैं। रवि पुष्य योग में वाहन खरीदना शुभ माना जाता है, इसलिए आज से बुकिंग में तेजी रही।
इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंसेज में छूट की बाढ़ :
इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर और किचन अप्लायंसेज पर आकर्षक छूट और गिफ्ट ऑफर चल रहे हैं। जयपुर इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड एसोसिएशन के उत्सव में स्क्रैच कार्ड और लकी ड्रॉ के जरिए ग्राहकों को अतिरिक्त लाभ मिल रहा है।
रेडीमेड गारमेंट्स, डेकोरेशन और लाइट्स की चमक :
जयपुर व्यापार महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि बापू बाजार, नेहरू बाजार और मॉल में रेडीमेड कपड़ों, साड़ियों, कुर्तों और पारंपरिक परिधानों की बिक्री तेज हो गई है। घर सजाने के लिए रंग-बिरंगी लाइट्स, झालर, लेदर, टेराकोटा आइटम, दीये और डेकोरेशन सामग्री की मांग बढ़ी है।
बाजार सज-धजकर तैयार, व्यापारियों में उम्मीद :
जयपुर के प्रमुख बाजारों जैसे जौहरी बाजार, त्रिपोलिया, एमआई रोड, मानसरोवर और अन्य व्यापारिक केंद्रों पर विशेष सजावट की गई है। व्यापारियों का कहना है कि सोना-चांदी सस्ता होने, शुभ नक्षत्र और त्योहारी माहौल के कारण इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। पुष्य नक्षत्र रविवार को पड़ने से यह रवि पुष्य योग बना है, जो खरीदारी, निवेश और नए कार्यों के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है।

Comment List