भारतीय नोट पर 1969 में छपने लगी थी महात्मा गांधी की तस्वीर
आरबीआई ने 1938 में छापा था पहला नोट
भारतीय इतिहास में पहली बार 1770 में कागजी मुद्रा की शुरुआत हुई थी। पहली बार बैंक ऑफ हिन्दुस्तान ने एक रुपए का नोट छापा था, तब ये नोट कलकत्ता में छापे गए थे।
जयपुर। भारतीय नोट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का फोटो उनकी जन्म शताब्दी वर्ष 1969 से छपना शुरू हुआ। इसमें गांधी को बैठे हुए दिखाया गया था। इसके बाद 1987 में आरबीआई ने पांच सौ रुपए को नोट जारी किया। इसमें भी गांधी की तस्वीर छापी गई। इससे पहले गांधी का चित्र भारतीय नोटों पर नहीं छपता था, जबकि अलग-अलग मूल्य के नोटों पर मंदिर, उपग्रह, बांध और खेत जोतते किसान की फोटो छपती रही है। 1969 में गांधी के फोटो के साथ ही गांधी के आश्रम सेवाग्राम की फोटो भी छापी गई थी, जो आज भी अलग-अलग मूल्य के नोटों पर छपती है। गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भारतीय नोटों पर महात्मा गांधी के चित्र के दूसरी तरफ लक्ष्मी और गणेश का फोटो छापने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। केजरीवाल के इस पत्र पर राजनीतिक दलों ने अलग-अलग प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
आरबीआई ने 1938 में छापा था पहला नोट
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की स्थापना एक अप्रैल 1935 को हुई थी। अपनी स्थापना के करीब तीन साल बाद जनवरी 1938 को आरबीआई ने पहली बार पांच रुपए का नोट जारी किया। उस नोट पर इंग्लैंड के राजा किंग जार्ज (6) की फोटो छपी थी। उस समय भारत अंग्रेजों का गुलाम था।
1770 में छपी देश में पहली कागजी मुद्रा
भारतीय इतिहास में पहली बार 1770 में कागजी मुद्रा की शुरुआत हुई थी। पहली बार बैंक ऑफ हिन्दुस्तान ने एक रुपए का नोट छापा था, तब ये नोट कलकत्ता में छापे गए थे।
मुद्रा में क्या-क्या बदलाव हुए
आजादी के बाद 1949 में एक रुपए का नोट जारी करने के बाद उसमें कई बदलाव किए गए। इस नोट पर गेटवे आॅफ इंडिया और बृहदेश्वर मंदिर के चित्र थे। अस्सी के दशक में एक रुपए के नोट पर तेल का कुआं, दो रुपए के नोट पर आर्यभट्ट के उपग्रह की तस्वीर, पांच रुपए के नोट पर ट्रैक्टर से खेत जोतता किसान और दस रुपए के नोट पर कोणार्क मंदिर का चक्र, मोर और शालीमार गार्डन छापे गए।
5 व 10 हजार रुपए के नोट भी छाए गए
वर्ष 1954 में एक हजार, पांच हजार और दस हजार के नोट भी छापे गए थे। एक हजार के नोट पर तंजोर मंदिर, पांच हजार के नोट पर गेटवे आॅफ इंडिया और दस हजार के नोट पर अशोक स्तम्भ के चित्र थे। आपातकाल के बाद बनी जनता पार्टी की सरकार ने इन तीनों मूल्यों के नोटों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
गांधी के जन्म शताब्दी वर्ष से भारतीय मुद्रा पर बापू की फोटो छपने लगे थे। उससे पहले नोट पर फोटो नहीं छपते थे।
-डॉ. विनय भाणावत, मुद्रा विशेषज्ञ, उदयपुर, राजस्थान

Comment List