6.80 करोड़ के बॉस स्कैम में दो और गिरफ्तार : अब तक छह आरोपी पकड़े, जानें पूरा मामला
करीब 2 करोड़ प्रथम लाभार्थी फर्म के बैंक खाते में जमा हुए थे
जयपुर। राजस्थान पुलिस की केंद्रीय साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 6.80 करोड़ की साइबर ठगी के मामले में दो और आरोपियों संदीप कुमार निवासी भटिंडा पंजाब और बरैया राम निवासी भाव नगर गुजरात को गिरफ्तार कर जयपुर लाया गया है। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। एडीजी साइबर क्राइम वीके सिंह ने बताया कि ठगी की रकम में से करीब 2 करोड़ प्रथम लाभार्थी फर्म के बैंक खाते में जमा हुए थे। इस फर्म के निदेशक संदीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
डायरेक्टर बनकर अकाउंट्स हेड को फंसाया : साइबर ठगों ने कंपनी के निदेशक के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर अकाउंट्स हेड को व्हाट्सऐप पर भुगतान के निर्देश दिए। आरोपियों ने परिवादी के कंप्यूटर सिस्टम तक पहुंच बनाकर व्हाट्सऐप वेब पर मौजूद असली निदेशक का नंबर ब्लॉक कर उसकी जगह अपना मोबाइल नंबर उसी नाम और प्रोफाइल फोटो से सेव कर दिया। 6.80 करोड़ तीन बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। यह भुगतान कंपनी के किसी निदेशक ने अधिकृत नहीं किया था।
कमीशन के लालच में खाते दिए : संदीप कुमार ने टेलीग्राम के जरिए अपना बैंक खाता किराये पर देने के लिए संपर्क किया था। कमीशन के लालच में उसने वारदात से करीब 15 दिन पहले कॉरपोरेट बैंक खाता खुलवाया। इसमें 2 करोड़ जमा हुए। उसने चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार-पैन कार्ड और खाते से जुड़ी सिम साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दी। उसे रींगस बुलाकर होटल में ठहराया गया और खाते से लेन-देन आरोपियों ने संचालित किए। बरैया राम ने 10 से 15 हजार के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, हस्ताक्षरित चेक, एटीएम कार्ड और पासबुक उपलब्ध कराई। उसके खाते में आई ठगी की रकम में से 3.94 लाख चेक के जरिए निकाले गए।

Comment List