शहरी विकास को नई उड़ान, जयपुर को मिला फाउंटेन स्क्वायर पार्क जैसा तोहफा
पार्क में 9 हजार वर्ग मीटर का प्रदर्शनी ग्राउंड भी बनाया गया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में शहरी विकास नई ऊंचाइयों को छू रहा है
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में शहरी विकास नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पारंपरिक पहचान और आधुनिक सौंदर्यशास्त्र के संगम से राजधानी जयपुर को हाल ही में विश्वस्तरीय फाउंटेन स्क्वायर पार्क का तोहफा मिला है। यह परियोजना न केवल बुनियादी ढांचे का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर को भी आधुनिक अंदाज में प्रस्तुत करती है।
जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में वी.टी. रोड और अरावली मार्ग के बीच 16 बीघा (40,000 वर्ग मीटर) क्षेत्र में विकसित इस पार्क की लागत 40 करोड़ रुपए है। यहां का केंद्रीय आकर्षण संगीतमय फाउंटेन है, जिसमें हर शाम 7 से 8 बजे तक लेजर शो और पानी की स्क्रीन पर 3डी इमेजरी के जरिए राजस्थानी संस्कृति की कहानियां प्रस्तुत की जाती हैं। चार सफेद संगमरमर के शेर और धौलपुर पत्थर से बनी छतरियां इसकी शाही भव्यता को बढ़ाती हैं, वहीं अंग्रेजी फाउंटेन यूरोपीय स्थापत्य का स्वाद कराता है।
पार्क में 9 हजार वर्ग मीटर का प्रदर्शनी ग्राउंड भी बनाया गया है, जिसमें भव्य मंच, 550 सीटों की क्षमता, ग्रीन रूम, लॉकर, रिसेप्शन और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही दो एम्फीथियेटर हैं, जिनमें 500-500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए यहां फूड कोर्ट, बच्चों के खेल क्षेत्र, पार्किंग और आकर्षक टिकट खिड़कियां भी बनाई गई हैं।
राज्य सरकार ने सस्टेनेबल विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। यहां 2.0 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया गया है, जिससे उपचारित पानी का उपयोग पार्क और आसपास की हरियाली के लिए किया जा रहा है। भारतीय बिल्डिंग कांग्रेस ने भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सम्मानित किया है। निश्चित रूप से फाउंटेन स्क्वायर पार्क राजस्थान के लिए सांस्कृतिक और आधुनिक शहरी विकास का नया प्रतीक बनकर उभरा है, जो मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और नवाचार का प्रमाण है।

Comment List