वार्ड-वार स्वच्छता उत्सव का आगाज : वार्ड 112 में उतरी सफाई की पूरी टीम, स्वच्छता की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत
विशेष सफाई अभियान के तहत 11 रूट निर्धारित
जयपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जयपुर के वार्ड-वार स्वच्छता उत्सव का गुरुवार को आगाज हुआ। महापौर सुनील कोठारी ने बड़ी चौपड़ से स्वच्छता की शपथ दिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान किशनपोल जोन की उपायुक्त सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान की शुरुआत किशनपोल जोन के वार्ड 112 से की गई। वार्ड में विशेष सफाई अभियान के तहत 11 रूट निर्धारित किए गए हैं, जहां सफाईकर्मियों की टीमें मुस्तैदी से जुटी हैं। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी अभियान से जोड़ा गया है। इसके लिए 20 हूपर और करीब 200 स्वच्छता योद्धा मैदान में उतारे गए हैं।
सफाई अभियान के दौरान कचरे के ढेर और अन्य अवशेषों को हटाने के लिए तीन जेसीबी और आठ ट्रैक्टर भी लगाए गए हैं। वहीं, केवल सफाई तक सीमित नहीं रखते हुए निगम की विद्युत शाखा, सतर्कता शाखा और गार्डन शाखा की टीमें भी मौके पर मौजूद रहकर अपने-अपने कार्यों को अंजाम दे रही हैं। महापौर ने अधिकारियों से अभियान के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निगम का लक्ष्य वार्ड स्तर पर विशेष अभियान के जरिए शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से मजबूत करना है।

Comment List