बच्चों के उतरते ही स्कूल बस में लगी आग, मचा हड़कंप,सभी के सुरक्षित उतरने से टला बड़ा हादसा
बच्चों को लेकर बम्बुलिया से आई थी बस
इटावा। नगर के सरोवर नगर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक निजी विद्यालय की बस में अचानक आग लग गई। बस बम्बुलिया से करीब 20 - 25 स्कूली बच्चों को लेकर आई थी। गनीमत रही कि आग लगने से पहले सभी बच्चे बस से उतर चुके थे। घटना के कुछ देर बाद बस से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल
बस में आग लगने की सूचना स्थानीय लोगों ने इटावा पुलिस और नगरपालिका को दी। सूचना मिलते ही पुलिस तथा नगरपालिका की दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर भी मौके पर पहुंचीं और स्थिति की जानकारी ली।
बच्चे पहले उतर गए, टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कुछ देर पहले ही बच्चों को लेकर पहुंची थी। बच्चों के उतरने के कुछ समय बाद बस में आग लग गई। यदि आग बच्चों के बस में बैठे रहने के दौरान लगती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। इटावा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला नागर, पूर्व पार्षद महावीर नागर, वार्ड पार्षद मनीष कोठारी, पूर्व पार्षद भेरू गुजर, नगर पालिका फायर प्रभारी कौशल मीणा, दीपक सेन, देवेन्द्र सिंह सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

Comment List