वल्लभ नगर चौराहा बना नया एक्सीडेंट जोन
दिन में कई बार हो रहे हादसे : शाम के समय अधिक समस्या, बेतरतीब वाहन कब किधर से आ जाएं पता नहीं
शहर में वर्तमान में ट्रैफिक व्यवस्था भगवान भरोसे ही चल रही है। कौन सा वाहन कब और किधर से आ जाए पता ही नहीं चल रहा। सबसे अधिक समस्या वल्लभ नगर चौराहे पर हो रही है। यह चौराहा वर्तमान में एक्सीडेंट जोन बना हुआ है।
कोटा । दृश्य :1 - बुधवार दोपहर 2 बजे का समय । एक निजी बस नई बनी पुलिया से उतरकर स्पीड से गुमानपुरा की तरफ आ रही थी। बस घोड़े वाले बाबा चौराहे की तरफ जा रही थी। इसी दौरान मल्टीपरपज स्कूल के निकट से निकाले बायपास से दो दुपहिया चालक अचानक बस के सामने आ गए। बस चालक तेजी से ब्रेक नहीं लगाता तो भीषण दुर्घटना हो सकती थी। बस रुकते ही चारों तरफ जाम लग गया। एक साथ चटारों तरफ से वाहन आए तो कोई भी वाहन आसानी से नहीं निकल सका और सभी वाहन कुछ देर के लिए एक ही जगह पर थम गए।
दृश्य : 2- दोपहर सवा दो बजे फिर से एक साथ चारों तरफ से वाहन आए। सभी ने पहले निकलने का प्रयास किया और जबरन वाहनों को आढ़ा तिरछा घुसा दिया। जिससे सही दिशा में चलने वाले वाहन भी अटक गए। वहीं दूर बैठा एक सुरक्षा गार्ड सीटी बजाता रहा लेकिन उसका किसी पर कोई असर नहीं हुआ। कुछ देर बाद एक-एक वाहन निकले तो रास्ता साफ हुआ। इस दौरान दुपहिया और चार पहिया वाहन बेतरतीब तरीके से आगे बढ़ने की होड़ करते रहे।
दृश्य : 3- दोपहर 2.40 बजे का समय था। शॉपिंग सेंटर फर्नीचर मार्केट से दो पहिया वाहन तेज गति से आया और गुमानपुरा फ्लाई ओवर की तरफ जाने लगा। वहीं गुमानपुरा फ्लाई ओवर से तेज गति से आई एक कार घोड़ा चौराहे की तरफ जा रही थी। जैसे ही बाइक सवार ने वल्लभ नगर चौराहे को क्रॉस किया वैसे ही कार उसके पास से निकली और चालक ने जोरदार ब्रेक लगाया वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ये नजारे हैं स्मार्ट सिटी कोटा शहर के बीचों बीच स्थित वल्लभ नगर चौराहे के। इस चौराहे के हालात बताने के लिए ये तो कुछ उदाहरण मात्र हैं। इस चौराहे पर पिछले काफी समय से इस तरह के दृश्य दिनभर में कई बार देखे जा सकते हैं। इस तरह के नजारे यहां आम हो गए हैं। शहर में वर्तमान में ट्रैफिक व्यवस्था भगवान भरोसे ही चल रही है। कौन सा वाहन कब और किधर से आ जाए पता ही नहीं चल रहा। सबसे अधिक समस्या वल्लभ नगर चौराहे पर हो रही है। यह चौराहा वर्तमान में एक्सीडेंट जोन बना हुआ है। यहां दिनभर वाहनों के आपस में टकराने की घटनाएंÞ हो रही हैं। सबसे अधिक समस्या शाम के समय हो रही है। बुधवार को भी सुबह से शाम तक कई वाहन आपस में टकराए।
डिवाइडर बनाकर किया चौराहा छोटा
वल्लभ नगर चौराहे पर पहले जहां वाहन आसानी से निकल रहे थे। वहीं अब इंदिरा गांधी तिराहे से होते हुए वल्लभ नगर चौराहे तक फ्लाई ओवर बनाया गया है। ऐसे में फ्लाई ओवर से आने वाले वाहनों के कारण चौराहे पर किसी तरह की दुर्घटना न हो उसे देखते हुए चौराहे के दोनों तरफ डिवाइडर बनाकर क्रॉस को छोटा कर दिया गया है। जिससे वहां से वाहन निकलने का रास्ता संकरा हो गया है। दूसरे मल्टीपरपज व शॉपिंग सेन्टर रोड से अचानक अंधाधुंध वाहन आते हैं और दुर्घटना को कारित कर जाते हैं। ऐसे में उस चौराहे से एक साथ निकलने वाले वाहनों के कारण वहां एक्सीडेंट की समस्या हो गई है।
इस कारण हो रही समस्या
गुमानपुरा में फ्लाई ओवर बनने से वल्लभ नगर चौराहे पर क्रॉस बंद कर दिया है। ऐसे में वल्लभ नगर कॉलोनी की तरफ से शॉपिंग सेंटर जाने वाले वाहनों को सीधा निकलने का रास्ता ही नहीं बचा है। वहीं फर्नीचर मार्केट से वल्लभ नगर जाने वाले वाहन भी उसी संकरे रास्ते से निकल रहे हैं। जबकि पूर्व में दोनों तरफ के वाहन चौराहे पर घूमकर निकल रहे थे। ऐसे में अब सभी वाहन उसी संकरे रास्ते से निकल रहे हैं। जिससे फ्लाई ओवर की तरफ से आने वाले वाहन चालकों के कारण एक्सीडेंट का खतरा अधिक बढ़ गया है। इसी तरहं वल्लभ नगर चौराहे से मल्टीपरपज स्कूल के पास बने बाईपास से सीधे गुमानपुरा जाने वाले वाहन भी इसी चौराहे से होकर निकल रहे हैं। जिससे भी चौराहे पर जाम व एक्सीडेंट का खतरा बढ़ गया है। इस चौराहे पर ट्रैफिक अधिक होने व एक्सीडेंट जोन बनने के बावजूद यहां ट्रैफिक पुलिस का एक भी जवान तैनात नहीं है। जिससे जिस भी वाहन चालक की मर्जी हो वह उधर से ही वाहन निकाल रहा है। बेतरतीब वाहनों के कारण चौराहे पर जाम और हादसों का खतरा अधिक बढ़ गया है।
वल्लभ नगर चौराहे पर वैसे तो दिनभर ही वाहन अस्प-व्यस्त निकलने से यह एक्सीडेंट जोन बना हुआ है। यहां दिनभर में कई वाहन आपस में टकराते रहते हैं। जिससे लोगों में विवाद भी होता रहता है। सबसे अधिक समस्या शाम 5 से 8 बजे के बीच होती है। जब ट्रैफिक अधिक रहता है। उसी समय हादसे भी अधिक होते हैं। यहां पिछले 15 दिन से कोई ट्रैफिक का जवान भी नहीं है।
- संजय कटारिया, दुकानदार, वल्लभ नगर चौराहा
फ्लाई ओवर बनने से गुमानपुरा की तरफ से वाहन तेज गति से आते हैं। उसी बीच फर्नीचर मार्केट से वल्लभ नगर और वल्लभ नगर से फर्नीचर मार्केट की तरफ जाने वाले वाहन भी अधिक निकलते हैं। जिससे दिनभर में कई बार हादसे होते रहते हैं। शाम 5 बजे बाद यहां वाहन अधिक निकलते हैं। जिससे हॉर्न बजने से कान खराब होने लगे हैं। साथ ही वल्लभ नगर में रहने वाली महिलाएं शाम के समय सड़क पार कर सामान लेने तक नहीं जा पा रही हैं। एक्सीडेंट के खतरे से वे फोन करके ही दुकानदारों से सड़क पार सामान मंगवाने लगी हैं।
-भूपेन्द्र कुमार, दुकानदार, वल्लभ नगर चौराहा
वल्लभ नगर चौराहे पर बेरीकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया था। जिससे वाहन वहां से नहीं निकलकर आगे से घूमकर आएं। लेकिन लोगों ने उन बेरीकेडिंग को हटा दिया होगा। शॉर्टकट के प्रयास में लोग वहां से निकल रहे हैं। चौराहे पर ट्रैफिक के जवान भी रहते हैं। चौराहे पर फिर से बेरीकेडिंग लगवा दिए जाएंगे। जिससे इस तरह की समस्या नहीं रहेगी।
- चंद्र प्रकाश यादव, यातायात निरीक्षक

Comment List