रिश्वत लेते दो कर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार : बिल भुगतान के बदले मांगी थी 2.10 लाख की घूस, 70 हजार नकद और 1.40 लाख का चेक बरामद
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ट्रैप कार्रवाई की योजना
संभाग के चित्तौड़गढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने पंचायत समिति कपासन की ग्राम पंचायत सिंहपुर में पदस्थ दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 70 हजार रुपए नकद और 1 लाख 40 हजार का चेक बरामद किया गया है।
उदयपुर। संभाग के चित्तौड़गढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को पंचायत समिति कपासन की ग्राम पंचायत सिंहपुर में पदस्थ दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथो गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 70 हजार रुपए नकद और 1 लाख 40 हजार का चेक बरामद किया गया है। दोनों कर्मचारियों ने विकास कार्यों के बिल भुगतान की एवज में रिश्वत की मांग की थी। एसीबी चित्तौड़गढ़ इकाई ने ग्राम विकास अधिकारी पारसराम विश्नोई और कनिष्ठ सहायक बाबूलाल शर्मा को 2 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच की गई है। एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम पंचायत सिंहपुर क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के तहत करीब 12 लाख 80 हजार रुपए के काम कराए थे। इन कार्यों से संबंधित मई और जून 2025 के सात बिल ऑनलाइन फीड कर भुगतान करवाना था।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इन बिलों के भुगतान के बदले ग्राम विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक ने उससे 2 लाख 10 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। लगातार दबाव और परेशानियों से तंग आकर परिवादी ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। जैसे ही दोनों कर्मचारियों ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 70 हजार रुपए नकद और 1 लाख 40 हजार रुपए का चेक बरामद किया गया। एसीबी टीम ने दोनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।

Comment List