एबीवीपी कार्यकर्ता पुलिस से भिड़े
सीएम हाउस की ओर कूच किया
एबीवीपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की हुई। ऐसे में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठियां फटकारते हुए खदेड़ दिया।
जयपुर। प्रदेश में महिला अत्याचार, पेपर लीक और वीरांगनाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने मंगलवार को सीएम हाउस की ओर कूच किया। इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास बेरीकेड लगा दिए, जिससे छात्रों और पुलिस के बीच गहमागहमी तथा भिड़ंत हो गई। इस दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से जमकर धक्का-मुक्की हुई। ऐसे में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पहले लाठियां फटकारते हुए खदेड़ दिया।
एबीवीपी की ओर से दोपहर आतिश मार्केट पर छात्र शक्ति मंथन कार्यक्रम आयोजित किया। इसके बाद गुर्जर की थड़ी होते हुए कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने छात्रों को विवेक विहार मेट्रो स्टेशन पर रोक दिया। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग डेढ़ घंटे तक छात्रों का प्रदर्शन विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के बाहर जारी रहा। मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने पर पुलिस ने छात्रों को खदेड़ते हुए दो दर्जन से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया। इससे पहले कार्यक्रम में संघ के राजस्थान के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम ने कहा कुछ वक्त पहले तक देश के शीर्ष पदों पर बैठे व्यक्ति कहते थे आई एम एक्सीडेंटल हिंदू। एबीवीपी राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस राजस्थान में रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई थी। इस मौके पर राजवीर सिंह, प्रांत मंत्री शौर्य जैमन, लोकेश चौधरी, हुश्यार मीणा, ट्विंकल शर्मा, भरत भूषण यादव, रोहित मीणा सहित अन्य लोगों ने विचार व्यक्त किए।

Comment List