चुनाव आयोग के खिलाफ फैलाया जा रहा ‘फर्जी नैरेटिव’ बेनकाब हो चुका है: फडणवीस
शिवाजी पार्क में सीजेपी और विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री का कड़ा रुख
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आयोजित विरोध-प्रदर्शन की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों द्वारा फैलाई जा रही 'झूठी कहानी' पहले ही बेनकाब हो चुकी है। यह विरोध-प्रदर्शन मुंबई के शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने बुलाया था। विपक्षी समूहों ने इस आंदोलन को समर्थन दिया है और वामपंथी दलों तथा आम आदमी पार्टी ने भी दिल्ली में श्री कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की घोषणा की है। इन घटनाक्रमों ने चुनाव आयोग के खिलाफ राजनीतिक अभियान को तेज कर दिया है।
फडणवीस ने आंदोलन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों द्वारा संवाददाता सम्मेलन करने के बाद चुनाव आयोग के खिलाफ फैलाई जा रही कहानी की विश्वसनीयता खत्म हो गई है। फडणवीस ने कहा, "मैं स्पष्ट रूप से कहना चाहता हूं कि सच्चाई पहले ही सामने आ चुकी है। तीनों आयुक्तों के संवाददाता सम्मेलन के बाद उनकी झूठी कहानी का गुब्बारा फूट गया है। इसके बावजूद वे उसी कहानी को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। वे अपनी झूठी कहानी में हालांकि सफल नहीं होंगे।"
इस बीच फडणवीस ने धारावी पुनर्विकास परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए वहां का दौरा किया। उन्होंने दौरे से पहले कहा कि यह परियोजना लोगों को धारावी की मौजूदा स्थिति और पुनर्विकास योजना के तहत इस क्षेत्र में होने वाले बदलावों की वास्तविक जानकारी देगी।

Comment List