रात 2 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंडिंग: महिला ने बुक की कैब, ना घर फोन किया ना भेजी लोकेशन, यात्री के ऐसा करने की वजह क्या?
आज मुझे मर्द जैसा महसूस हुआ
मुंबई। रात के दो बजे एयरपोर्ट से कैब में सफर करना कई महिलाओं के लिए सुरक्षा की चिंता लेकर आता है। लेकिन अपूर्वा नाम की एक महिला का अनुभव इससे अलग रहा। मुंबई एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्होंने महिला ड्राइवर वाली कैब बुक की। इस सफर के दौरान उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर बार-बार सतर्क रहने की जरूरत महसूस नहीं हुई। उनका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
इंस्टाग्राम हैंडल @portraitsbyapoorva पर साझा किए गए वीडियो में अपूर्वा ने कहा कि सफर के दौरान वह न तो लगातार अपना फोन चेक कर रही थीं और न ही परिवार के किसी सदस्य को कॉल पर रखकर अपनी लोकेशन ट्रैक होने का एहसास दिलाने की कोशिश कर रही थीं। उन्होंने अपने अनुभव को बताते हुए कहा, 'आज मुझे मर्द जैसा महसूस हुआ।' अपूर्वा ने स्पष्ट किया कि उनका आशय पुरुषों के डर या असुरक्षा को नकारना नहीं था, बल्कि उस आजादी को महसूस करना था, जिसमें बिना लगातार खतरे का आकलन किए सफर किया जा सके।
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि बिना डर के कहीं आना-जाना भी एक तरह की आजादी है, जिसका अनुभव हर किसी को समान रूप से नहीं मिलता। अपूर्वा की पोस्ट पर कई यूजर्स ने प्रतिक्रिया दी। कुछ लोगों ने इसे महिलाओं की रोजमर्रा की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को सामने लाने वाला अनुभव बताया, जबकि अन्य ने देर रात यात्रा के दौरान सतर्क रहने की अपनी आदतें साझा कीं। इस पोस्ट ने सुरक्षा, आजादी और सामाजिक विशेषाधिकार को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

Comment List