मध्य प्रदेश: 200 रूपए के कूपन में 6 साल के बच्चे ने जीती 50 लाख की टोयोटा फॉर्च्यूनर, जानें पूरा मामला
परिणाम आने पर खुशी से झूम उठा परिवार
बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा, जब महज 200 रुपये के लकी ड्रॉ कूपन पर करीब 50 लाख रुपये की टोयोटा फॉर्च्यूनर जीतने का मौका मिला। खास बात यह है कि इस कूपन पर परिवार के छह वर्षीय बच्चे वेदांश का नाम दर्ज था। परिवार के लिए यह कार लंबे समय से सपना थी, जो अब इनाम के जरिए पूरा हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किरण रायकवार गरबा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभापुरी धाम पहुंची थीं। इसी दौरान उन्होंने 200 रुपये का लकी ड्रॉ कूपन खरीदा और उस पर अपने पोते वेदांश का नाम लिखवाया। कूपन खरीदते समय उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यह छोटा-सा फैसला परिवार के लिए इतनी बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा।
लकी ड्रॉ के नतीजे घोषित हुए तो वेदांश का नाम विजेता के रूप में सामने आया। इसके बाद परिवार में उत्साह का माहौल बन गया। जिस फॉर्च्यूनर को खरीदने की इच्छा परिवार की दो पीढ़ियों से जुड़ी थी, वह अब उन्हें इनाम में मिली। रिपोर्ट्स के अनुसार, लकी ड्रॉ का आयोजन वर्ष 2025 में किया गया था, जबकि परिवार को गाड़ी की डिलीवरी 2026 में मिली। इस तरह इनाम जीतने के बाद कार मिलने तक परिवार को इंतजार करना पड़ा।
महज 200 रुपये के कूपन से लाखों की गाड़ी मिलने का यह मामला अब चर्चा में है। वेदांश के नाम निकले इस इनाम ने परिवार के लिए गरबा उत्सव को हमेशा के लिए यादगार बना दिया।

Comment List