चंडीगढ़ पुलिस स्थापना दिवस समारोह: अमित शाह ने की शिरकत, 258 करोड़ के प्रोजेक्टों की देंगे सौगात
सेक्टर-26 पुलिस लाइन में गृह मंत्री अमित शाह ने ली भव्य परेड की सलामी
चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। समारोह में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया और पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस की ओर से भव्य परेड का आयोजन किया गया और गृह मंत्री को सलामी दी गई। अमित शाह ने विशेष इलेक्ट्रिक कार्ट में बैठकर परेड का निरीक्षण किया।
चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति सम्मान से नवाजे जाने के उपलक्ष्य में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई। इसमें हिंदू, सिख, ईसाई और मुस्लिम धर्मों के धर्मगुरुओं ने हिस्सा लेकर प्रार्थना की। राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने के बाद पुलिस की परेड टीम वापस लौटी और मंच के सामने से गुजरते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रशासक गुलाबचंद कटारिया तथा डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा को दोबारा सलामी दी। इस दौरान गृह मंत्री चंडीगढ़ को करीब 258 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
समारोह के चलते सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक, सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से तिरंगा पार्क और रेलवे लाइट प्वाइंट से सेक्टर-26 पुलिस लाइन तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा सेंट कबीर लाइट प्वाइंट, किशनगढ़ टर्न, हीरा सिंह चौक, ट्रिब्यून चौक और एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

Comment List