कांग्रेस की ओबीसी बैठक महज चुनावी हथकंडा : विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कांग्रेस पर लगाए आरोप, कहा- इनका असली एजेंडा बिहार विधानसभा का चुनाव जीतना
कांग्रेस चुनावी हथकंडे के लिए कर्नाटक का गलत इस्तेमाल कर रही
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कांग्रेस के ओबीसी विभाग की यहां हुई बैठक की आज तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया
बेंगलुरु। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने कांग्रेस के ओबीसी विभाग की यहां हुई बैठक की आज तीखी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि इस कवायद का असली मकसद सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि बिहार में चुनावी फायदा उठाना है। येदियुरप्पा ने कहा कि कांग्रेस की दो दिन की बैठक का अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित समुदाय या अनुसूचित जनजाति समुदायों के कल्याण से कोई लेना-देना नहीं है। उनका असली एजेंडा बिहार विधानसभा का चुनाव जीतना है।
उन्होंने कहा कि अब जबकि बिहार में चुनाव नजदीक हैं, तो कांग्रेस चुनावी हथकंडे के लिए कर्नाटक का गलत इस्तेमाल कर रही है। उसका वास्तविक सामाजिक सशक्तिकरण से कोई लेना-देना नहीं है। विजयेंद्र ने कांग्रेस की विरासत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि "अगर कांग्रेस वाकई पिछड़े और हाशिए के समुदायों के विकास के लिए चिंतित है, तो जब उन्होंने देश और राज्य पर 50-60 साल तक राज किया, तब उन्होंने इस पर कोई कदम क्यों नहीं उठाया?"
उन्होंने इन समुदायों में सामाजिक न्याय और विकास की कमी के लिए सीधे तौर पर कांग्रेस को ज़िम्मेदार ठहराया। विदित हो कि बेंगलुरु में कांग्रेस के ओबीसी संपर्क प्रयासों ने राजनीतिक हलकों का ध्यान खींचा है, लेकिन भाजपा ने इसे आगामी चुनावों को प्रभावित करने की एक रणनीतिक चाल बताकर खारिज कर दिया है।

Comment List