पूर्व IAS अधिकारी राकेश वर्मा और अभिनेत्री फिरदौस बानो कांग्रेस में शामिल, अजय राय ने किया दोनों का स्वागत
डॉ. वर्मा करीब 85 दिव्यांग बच्चों की देखभाल कर रहे
लखनऊ। पूर्व भारतीय प्रशासिनक सेवा (आईएएस) अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा (सेवानिवृत्त) और दक्षिण भारतीय फिल्मों की अभिनेत्री फिरदौस बानो (जारा खान) ने बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। डॉ. वर्मा और सुश्री बानों दोनों ने कांग्रेस की नीतियों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामा।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यभार ग्रहण प्रभारी नितिन शर्मा ने दोनों को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस मौके पर राय ने उनका पटका पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डॉ. वर्मा और फिरदौस बानो समाज के लिए काम कर रहे हैं। डॉ. वर्मा करीब 85 दिव्यांग बच्चों की परवरिश कर रहे हैं और उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद डॉ. वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश संविधान से चलेगा और कांग्रेस संविधान का पालन करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और राजनीतिक लोगों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान वह उनके विचारों से प्रभावित हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राय के संघर्ष से भी प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी, विचार विभाग के उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
वहीं, मोहनलालगंज से कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी नरेंद्र गौतम के नेतृत्व में लखनऊ के राम कुमार ठाकुर, विकास चंद्रा, राज कुमार, सुमित कुमार, शैलेंद्र सिंह, शैलेंद्र कुमार ठठेर, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद जाकिर हुसैन समेत कई लोगों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

Comment List