क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज ‘बाइनेंस’ पर सबसे बड़ा साइबर हमला, हैकरों ने उड़ाए 6.3 अरब डॉलर के क्रिप्टो
बाइनेंस ने तुरंत तीन अरब डॉलर के फंड को किया फ्रीज
दुबई। एक बड़े साइबर हमले (हैक) में संयुक्त अरब अमीरात से परिचालित दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज ‘बाइनेंस’ पर अब तक का सबसे बड़ा साइबर हमला हुआ है, जिसमें हैकरों ने 6.3 अरब डॉलर (लगभग 52,000 करोड़ रुपए) की संपत्ति में सेंध लगा दी। शुरुआती जांच में इस बड़े हमले के पीछे उत्तर कोरिया समर्थित हैकर समूह ‘ट्रेडरट्रेटर’ का हाथ होने का दावा किया गया है।
बाइनेंस ने तुरंत तीन अरब डॉलर के फंड को किया फ्रीज
प्लेटफॉर्म ने यूजर्स की संपत्तियों की सुरक्षा के लिए तुरंत सभी तरह की निकासी निलंबित कर दी है और चोरी को ट्रैक करने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों तथा ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस फर्मों के साथ मिलकर जांच शुरू कर दी है। त्वरित कार्रवाई करते हुए बाइनेंस और उसके साझेदारों ने लगभग तीन अरब डॉलर मूल्य की प्रभावित संपत्तियों को तुरंत रोक दिया, ताकि और चोरी पर लगाम लगाई जा सके। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि वह यूजर्स के सभी नुकसान की भरपाई खुद करेगी।
कमियां दूर करने में जुटी बाइनेंस
ब्लॉकचेन सुरक्षा फर्म टीआरएम लैब्स ने इस हैकिंग के पीछे उत्तर कोरिया से जुड़े हैकर समूह ‘ट्रेडरट्रेटर’ का हाथ होने का अनुमान जताया, जो चर्चित लाजारस ग्रुप से जुड़ा है। बाइनेंस ने अद्यतन जानकारी दी है कि उसकी तकनीकी टीम हमले के सभी सुरक्षा खामियों को पहचान कर उन्हें ठीक कर रही है और अगले 45 घंटों के भीतर विड्रॉल सेवाएं फिर से बहाल कर दी जाएंगी।

Comment List