लुटेरी बोली- चिंता न करें बहू की डिलीवरी करा दूंगी, गहने लेकर फरार हो गई
आरोपी महिला गिरफ्तार
अजमेर। शहर के राजकीय जनाना अस्पताल में एक प्रसूता को झांसा देकर एक महिला द्वारा उसके गहने उतरवाकर अस्पताल से फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजन की सजगता से पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके कब्जे से पुलिस ने पीड़िता के गहने भी बरामद कर लिए हैं।
क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार आरोपी महिला कोटा निवासी 50 वर्षीय रुखसाना बानो पत्नी मोहम्मद जाकिर है। जिसके खिलाफ टेंपो स्टैंड लोहाखान, अजमेर निवासी नजमा बानो ने रिपोर्ट दर्ज कराई। नजमा बानो ने बताया कि उनकी पुत्रवधू मुस्कान को जनाना अस्पताल में प्रसव पीड़ा होने पर भर्ती कराया गया था। उसे जब प्रसव पीड़ा होने पर लेबर रूम में रखा गया था तो वह ख़ुद लेबर रूम के बाहर ही बैठी थी। जहां पर एक अज्ञात महिला खुद को स्टाफ बताते हुए उनके पास आकर बैठ गई और कहने लगी कि वह चिंता ना करें उनके बहू की डिलीवरी वह आराम से करा देगी। उसने कहा कि आप बाहर से बहू के लिए गर्म दूध लेकर आ जाओ इस पर नजमा बानो ने कहा कि वह चिंता ना करें। मुस्कान की डिलीवरी आराम से हो जाएगी। उन्होंने उस महिला की बात को अनसुना कर चलता कर दिया। कुछ ही देर में वह महिला लेबर रूम में मुस्कान के पास पहुंच गई। जहां उसने बोला कि उसे डिलीवरी के लिए लेबर रूम में से ले जाया जा रहा है। इसलिए वह अपने पहने हुए सभी गहने उतार कर उन्हें दे दे। जिन्हें वह बाहर खड़ी उनकी सास को दे देगी। वारदात से अनजान मुस्कान ने तुरंत अपने कान के टॉप्स, चांदी की अंगूठी और चुटकी उतार कर उस महिला को दे दी। जो गहने लेते ही तुरंत अस्पताल के बाहर निकल गई। इस बीच नजमा बानो भी लेबर रूम में बहू को देखने पहुंच गई। जिन्हें देखते ही मुस्कान ने गहनों के बारें में पूछ लिया। इस पर उसने पूछा कि किसके गहनों की बात कर रही है तो उसने पूरा घटनाक्रम बताया। साथ ही महिला का हुलिया भी बता दिया। वह तुरंत आरोपी महिला की चाल समझ गई। उन्होने तुरंत अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। साथ ही अस्पताल में मुख्य संदिग्ध महिला की तलाश शुरू की। जिस पर आरोपी महिला के अस्पताल से बाहर निकलने की बात सामने आई। इसी बीच परिवार ने अस्पताल चौकी को तुरंत शिकायत दी। जिस पर चौकी स्टाफ ने थाना प्रभारी डॉ रविश सामरिया को भी सूचना कर दी। ऐसे में पुलिस दल भी सक्रिय हो गया।
महिला की तलाश में शास्त्री नगर क्षेत्र में टैंपू में संदिग्ध महिला को तलाश किया गया। इस बीच पीड़िता के परिजन भी वहां पहुंच गए। जिन्होंने शास्त्री नगर क्षेत्र में टेंपो में बैठी उक्त महिला को पहचान लिया। जिसके कब्जे से तलाशी में मुस्कान के गहने भी बरामद हो गए । पीड़िता के परिजनों की सजगता से पुलिस ने भी आरोपी महिला को तुरंत डिटेन किया। उसे थाने ले जाकर उससे मामले में पूछताछ करने पर उसने चोरी करना कबूल कर लिया। साथ ही उसने पिछले दिनों लोहाखान क्षेत्र में एक वृद्ध महिला के साथ पेंशन बढ़ाने के नाम पर भी धोखाधड़ी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला के खिलाफ टॉक, कोटा, बूंदी सहित शहर के थानों में धोखाधड़ी और चोरी के 13 मुकदमें पहले से दर्ज है। वह बड़ी शातिर महिला है, जो अस्पताल, बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित बस्तियों में जाकर भोले भाले लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाती है।

Comment List