मिलीभगत और गलत कार्रवाई, हथियार तस्करी के मामले में सीएसटी का हेड कांस्टेबल समेत 4 गिरफ्तार
सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
जयपुर। शास्त्री नगर थाना इलाके में आर्म्स एक्ट के एक मामले में गलत तरीके से युवक को फंसाने की जांच के दौरान कमिश्नरेट की सीएसटी के हेड कांस्टेबल रोहिताश समेत अन्य चार जनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से संपर्क रखने और उनसे पिस्टल लेने से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। मामले में फुरकान, अभिषेक और मनीष को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों को छिपाने, जांच प्रभावित करने और संदिग्ध व्यक्तियों से अनुचित संबंध रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट में दर्ज मामले की जांच में हेड कांस्टेबल रोहिताश की भूमिका संदिग्ध पाई गई। अभिषेक, मनीष मीणा और मृदुल सोनी की रोहिताश से करीब दो साल से जान-पहचान थी। अभिषेक के पास पिछले चार-पांच साल से एक पिस्टल और दो कारतूस होने की जानकारी भी सामने आई है। खुलासा हुआ कि करीब सात-आठ दिन पहले अभिषेक, मनीष और रोहिताश के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद रोहिताश की ओर से पुलिस को सूचना देने और उसके आधार पर कार्रवाई करवाने की बात सामने आई है।
डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि मृदुल सोनी की भूमिका प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं हुई है। उसे मामले में फंसाए जाने की आशंका से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। वहीं पिस्टल लेकर आने वाले फरहान की भूमिका की जांच की जा रही है। हैड कांस्टेबल रोहिताश ने मृदुल नाम के युवक को हथियार तस्करी में गलत तरीके से थाने में बंद कराया तो वकीलों ने थाने पहुंचकर विरोध किया तो जांच कर मृदुल को छोड़ दिया गया।

Comment List