राजस्थान नगर निगम चुनाव 2026: जयपुर के 150 वार्डों के लिए दोपहर 3 बजे तक 48.58 फीसदी मतदान, आमेर में सबसे ज्यादा 60.60 प्रतिशत मतदान, सांगानेर में 43.30 प्रतिशत पर अटका आंकड़ा
अंतिम घंटों में मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद
जयपुर। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में शुक्रवार को मतदान जारी है। दोपहर 3 बजे तक जिले में 48.58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर कई क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह नजर आया, जबकि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में मतदान की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। दोपहर 3 बजे तक आमेर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 60.60 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद आदर्श नगर में 53.53 प्रतिशत, किशनपोल में 51.68 प्रतिशत, हवा महल में 51.95 प्रतिशत और झोटवाड़ा में 50.46 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। विद्याधर नगर में 49.58 प्रतिशत, बगरू में 48.89 प्रतिशत, मालवीय नगर में 44.25 प्रतिशत तथा सिविल लाइंस में 43.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में मतदान की रफ्तार सबसे धीमी रही। यहां दोपहर 3 बजे तक महज 43.30 प्रतिशत मतदान हुआ। ऐसे में मतदान के अंतिम घंटों में यहां वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशी अंतिम समय तक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में जुटे रहे। अब मतदान के शेष समय में अधिक से अधिक मतदाताओं के घरों से निकलकर मतदान केंद्र पहुंचने पर कुल मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।

Comment List