त्योहार सीजन में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, विभिन्न प्रतिष्ठानों से दूध और मिठाइयों के नमूने लिए
विभाग का अभियान आगे भी जारी
जयपुर। त्योहारों के सीजन में मिलावट पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने जयपुर में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान BT Food Products Pvt. Ltd. में फर्श पर गजक का निर्माण होता मिला। वहीं, परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने और फूड हैंडलर्स के मेडिकल प्रमाण-पत्र व पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने पर प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया। आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश और अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
टोंक रोड स्थित त्यागी पनीर उद्योग से मावा व पनीर और रोहिल्ला फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से समोसा व चूरमा के नमूने लिए गए। केसर स्वीट्स, सहकार मार्ग से केसर बर्फी तथा श्री बालाजी दूध भंडार से पनीर व दूध के नमूने लिए गए। महेश नगर स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना भी लिया गया। खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता मानकों की पालना करने तथा सभी खाद्य कर्मियों का मेडिकल परीक्षण करवाने के निर्देश दिए। विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comment List