त्योहारों में खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट, बिना लेबल की 3,840 होममेड चॉकलेट सीज
ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयों और चॉकलेट के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की
जयपुर। त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने जयपुर में ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयों और चॉकलेट के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। विद्याधर नगर स्थित ड्राई फ्रूट्स हाउस पर बिना अनिवार्य लेबलिंग के बिक्री के लिए रखी गई विभिन्न फ्लेवर की 3,840 होममेड चॉकलेट सीज की गईं। 51 पैकेट इम्पोर्टेड चॉकलेट और अंजीर व खजूर से बनी मिठाइयों के 70 पैकेट भी जब्त किए गए। निरीक्षण के दौरान फफूंद लगे करीब दो किलो सूखे नारियल को मौके पर ही नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी डॉ रवि शेखावत के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने नॉटी नट्स से टाइनी मिनी सौंफ का नमूना लिया। विद्याधर नगर स्थित गणपति पैराडाइज के कामदार ड्राई फ्रूट्स से बादाम कतरन का नमूना लिया गया। वैशाली नगर स्थित महेश्वरी टी कॉर्पोरेशन सहित अन्य ड्राई फ्रूट प्रतिष्ठानों से भी बादाम कतरन और मुनक्का के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
लेबल देखकर ही खरीदें मिठाइयां और चॉकलेट : खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से त्योहारों के दौरान ड्राई फ्रूट्स, मिठाइयां और चॉकलेट खरीदते समय पैकेट पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि, सामग्री का विवरण और अन्य आवश्यक जानकारियां जांचने की अपील की है। शेखावत के अनुसार त्योहार सीजन में खाद्य सुरक्षा टीम की निरीक्षण, नमूनीकरण और नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Comment List