जीएसटी सुधारों से निवेश को मिलेगा बढ़ावा, मुख्यमंत्री- स्वस्थ परिवार और सुगम कारोबार से समृद्ध राजस्थान का लक्ष्य
व्यापारियों को अनावश्यक प्रक्रियागत बाधाओं से राहत मिलेगी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार स्वस्थ परिवार और समृद्ध राजस्थान के संकल्प के साथ आमजन को सुलभ, सस्ती और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। घर के नजदीक उपचार की सुविधा और ई-टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे लोगों को समय पर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी विशेषज्ञ उपचार का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से स्वस्थ और सशक्त राजस्थान के निर्माण को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कारोबार को आसान बनाने के लिए जीएसटी व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों को भी महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए जीएसटी प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और व्यापार-अनुकूल बनाया जा रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में जीएसटी परिषद द्वारा स्वीकृत सुधारों से कर अनुपालन आसान होगा तथा रिफंड प्रक्रिया में तेजी आएगी। इससे व्यापारियों को अनावश्यक प्रक्रियागत बाधाओं से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन सुधारों से उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा, निवेश के अनुकूल वातावरण बनेगा और देश की आर्थिक प्रगति को नई गति प्राप्त होगी।

Comment List