सीकर में झमाझम : कई जगह भरा पानी, पश्चिमी विक्षोभ के असर से छाए रहे बादल
बीकानेर में आंधी-बारिश के साथ ओले
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से सीकर में झमाझम बारिश हुई। शाम करीब सवा चार बजे बारिश शुरू हुई, जिससे शहर के बजाज रोड, कोतवाली रोड, नवलगढ़ रोड और पिपराली रोड पर पानी भर गया। खेतों में पानी भरने से खरीफ की फसल को हल्के नुकसान की आशंका है। करीब एक घण्टे तक हुई झमाझम बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज हुई। दिल्ली रोड स्थित अचरोल, भानपुर गांवों में हल्की बारिश दर्ज की गई। राज्य के जयपुर, बीकानेर, अजमेर, भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में आसमान में बादल छाए रहे और कुछेक हिस्सों में मामूली बरसात हुई।
29 तक पूर्वी राजस्थान में हल्की बारिश :
मौसम विभाग का मानना है कि 29 सितम्बर तक पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना हैं। उसके पांच-छह दिन तक मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। आसमान में बादल छाने और कुछेक जगह बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। जयपुर में दिन का तापमान 34.3 और रात का तापमान 22.7 डिग्री दर्ज हुआ। राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई हैं।
बीकानेर में आंधी-बारिश के साथ ओले :
सीकर शहर में भी तेज हवा के साथ बारिश का दौर चला। लक्ष्मणगढ़ में करीब पौन घंटे तक बरसात हुई। बीकानेर जिले के महाजन क्षेत्र के पास शेरपुरा में तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। इससे खेतों में पानी भर गया और फसलों को नुकसान होने की सूचना है। महाजन-सरदारशहर रोड पर तेज हवा के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर बस से टकरा गई। हादसे में किसान की मौत हो गई। इधर, अलवर शहर सहित जिले के कई हिस्सों में शाम को घने बादल छाए और बाद में हल्की बारिश हुई। दौसा के महवा में भी मौसम बदला और काले बादलों के साथ बिजली चमकने लगी। इसके बाद क्षेत्र में हल्की बारिश शुरू हो गई। जयपुर के बस्सी में अच्छी बारिश हुई है।

Comment List