2500 करोड़ से होगा माही परियोजना के अपर हाई लेवल नहर का निर्माण
आर्थिक जीवन स्तर में वृद्धि होगी
बांसवाड़ा में माही परियोजना से अपर हाई लेवल नहर के निर्माण के लिए 2500 करोड़ तथा हरिदेव जोशी नहर एवं इसकी वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 129.19 करोड़ की मुख्यमंत्री ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
जयपुर। बांसवाड़ा में माही परियोजना से अपर हाई लेवल नहर के निर्माण के लिए 2500 करोड़ तथा हरिदेव जोशी नहर एवं इसकी वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण कार्य के लिए 129.19 करोड़ की मुख्यमंत्री ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। आदिवासी अंचल के विकास से संबंधित इस परियोजना में 121 अतिरिक्त गांवों को भी कमाण्ड क्षेत्र में सम्मिलित किया है। इस परियोजना से अब बांसवाड़ा जिले के बांसवाड़ा, बागीदौरा, आनन्दपुरी, सज्जनगढ़, कुशलगढ़ व गांगड़तलाई तहसिलों के कुल 338 गांवों के 41903 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे क्षेत्र के किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन स्तर में वृद्धि होगी।
105 किमी लंबी नहर का निर्माण
सीएम की मंजूरी से 105 कि.मी. लम्बी नहर का निर्माण किया जाएगा, जिसका डिस्चार्ज 20 क्यूसेक होगा। परियोजना के तहत सम्पूर्ण सिंचित क्षेत्र में दबाव आधारित पाइप लाइन की ओर से 1.25 हैक्टेयर की इकाई तक फव्वारा पद्धति से सिंचाई होगी। इससे जल संचय में आसानी होगी और सिंचाई के लिए अधिक जल मिल सकेगा। परियोजना के लिए भूमि अवाप्ति एवं अन्य वैधानिक मंजूरी का कार्य जारी है।
338 गावों को मिलेगा सिंचाई के लिए जल
प्रारम्भ में अपर हाई लेवल केनाल परियोजना के तहत बांसवाड़ा, बागीदौरा, आनन्दपुरी, सज्जनगढ़, कुशलगढ़ तथा गांगड़तलाई तहसील के 217 गांवों के 27340.82 हैक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए बांसवाड़ा तहसील के बोरतालाब गांव के पास सेडल डेम नं.-1 से अपर हाई लेवल केनाल योजना प्रस्तावित थी। स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर अन्य असिंचित क्षेत्र को भी इस परियोजना में शामिल किया गया है, जिससे अब कुल 338 गांवों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल मिलेगा।

Comment List