ED की पेपर लीक प्रकरण में छापेमारी से नकल माफिया दहशत में है: किरोडी
कहा- मुख्यमंत्री जी छोटी मछलियों पर कार्रवाई का दिखावा कर लीपापोती में जुटे हैं
भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा ने पेपर लीक प्रकरण में ईडी की कार्रवाई पर कहां है कि पेपर लीक मामले में ईडी की 28 ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। इससे युवा बेरोजगारों के सपनों को बेचने वाले नकल माफिया दहशत में है। अब तक इन्हें संरक्षण दे रही राज्य सरकार को भी डर सता रहा है कि सच सामने आ गया तो खुद को गांधीवादी कहने वाले मुख्यमंत्री की पोल खुल जाएगी।
किरोड़ी ने कहा कि मैंने सबूतों के साथ खुलासा किया कि पूरा भर्ती तंत्र नकल माफिया के चंगुल में है। एक भी भर्ती ऐसी नहीं हुई, जिसमें नकल न हुई हो। मैंने बार-बार मुख्यमंत्री जी से सीबीआई जांच के निवेदन किया। उन्होंने इस मांग को नहीं माना, क्योंकि सरकार ही शीर्ष स्तर पर पेपर लीक में शामिल है।
मुख्यमंत्री जी छोटी मछलियों पर कार्रवाई का दिखावा कर लीपापोती में जुटे हैं, लेकिन बड़े मगरमच्छ पकड़ से दूर हैं। सुरेश ढाका कई बड़े मगरमच्छों का राजदार है, इसलिए एसओजी उसे पकड़ नहीं रही। लेकिन अब ईडी पूरा पर्दाफाश कर देगी। मुंह से खाए को नाक से निकाल लेगी।

Comment List