कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजार में गिरावट, सेंसेक्स 125 अंक टूटा; निफ्टी भी फिसला
रिलायंस और टीसीएस बढ़त के साथ बंद
मुंबई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में तेजी से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली हावी रही और प्रमुख सूचकांक हरे निशान में खुलने के बाद अंत में गिरावट में बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सुबह हरे निशान में खुलने के बाद कुछ ही देर में 517 अंक चढ़ गया था। हालांकि इसके बाद बिकवाली का दबाव बढ़ने से यह 797 अंक टूटकर 72,452 अंक तक उतर गया। अंत में 125.56 अंक (0.17 प्रतिशत) नीचे 73,123.83 अंक पर बंद हुआ। यह 14 अक्टूबर के बाद का इसका निचला स्तर है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी करीब 55 अंक ऊपर खुला लेकिन बाद में लाल निशान में उतर गया। अंत में यह 87.65 अंक यानी 0.39 फीसदी टूटकर 22,600 अंक पर रहा जो 12 अक्टूबर के बाद का इसका सबसे कम बंद स्तर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल आज एक फीसदी चढ़कर 114 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया। इससे बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हुए और बिकवाली ज्यादा देखी गई। प्रमुख सूचकांकों की तुलना में वृहत बाजार में बिकवाली तेज रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक में 2.10 फीसदी और स्मॉलकैप-100 सूचकांक में 2.94 फीसदी की गिरावट रही।
सेक्टर आधारित सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, रियल्टी और रसायन समूहों के सूचकांक क्रमशः 2.71 फीसदी, 2.63 फीसदी, 2.38 फीसदी और 2.32 फीसदी टूट गए। बैंकिंग, वित्त, मीडिया और फार्मा समूहों के शेयर एक से दो प्रतिशत की गिरावट में रहे। एनएसई में जिन 3,724 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 3,011 के शेयर फिसल गए और 623 के ऊपर रहे। अन्य 90 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित बंद हुए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 20 के शेयर नुकसान में बंद हुए। टाटा स्टील का शेयर 3.21 फीसदी, अडानी पोर्ट्स का 3.03 प्रतिशत और ट्रेंट का 2.13 प्रतिशत गिर गया। टेक महिंद्रा में 1.95 फीसदी, बीईएल में 1.88, इंडिगो में 1.78, बजाज फिनसर्व में 1.72, कोटक महिंद्रा बैंक में 1.70, टाइटन में 1.42, बजाज फाइनेंस में 1.38, एनटीपीसी में 1.28 और भारतीय स्टेट बैंक में 1.17 प्रतिशत की गिरावट रही। हिंदुस्तान यूनीलिवर, सन फार्मा, भारती एयरटेल और आईटीसी के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए। इटरनल का शेयर सबसे अधिक 3.97 प्रतिशत, एलएंडटी का 1.25 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.19 और टीसीएस का एक प्रतिशत की बढ़त में रहा। अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक और इंफोसिस के शेयर भी ऊपर रहे।
वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.89 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.69 प्रतिशत मजबूत बंद हुआ। वहीं, जापान का निक्केई 0.34 प्रतिशत टूट गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.87 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.57 प्रतिशत नीचे रहा।

Comment List