लुटेरी दुल्हन ले भागी नकदी-जेवर, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर की और भी रुपए की डिमाण्ड
पुलिस रिपोर्ट पर जांच कर रही
कोटखावदा थाना इलाके में लुटेरी दुल्हन लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई।
जयपुर। कोटखावदा थाना इलाके में लुटेरी दुल्हन लाखों रुपए के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। युवती ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर और भी रुपए की डिमाण्ड की। पुलिस रिपोर्ट पर जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि कोटखावदा निवासी 42 वर्षीय दूल्हे ने रिपोर्ट दी कि कुछ समय पहले उसका परिचित रामजीलाल उससे मिलने आया था। बातचीत के दौरान उसने दिल्ली में एक समाज की परिचित लड़की के बारे में जानकारी दी। उसने कहा कि युवती के माता-पिता गरीब हैं। अगर वह मदद कर देगा तो वह उसकी शादी करवा देगा। शादी करवाने के एवज में 3.60 लाख रुपए कैश देने की बात तय हुई। दो महिलाओं के साथ लड़की को दिखाने के लिए परिचित रामजीलाल घर लेकर आया।
पांच जुलाई को तय शर्तों के अनुसार हुई शादी :
लड़की पसंद आने पर शादी की तारीख तय हो गई और 3.60 लाख रुपए दिलवा दिए। इसके बाद पांच जुलाई को तय शर्तों के अनुसार खास रिश्तेदार और परिचितों की मौजूदगी में वरमाला पहनाकर दोनों की शादी करवा दी गई। शादी के बाद प्रीति अपने पति के साथ ससुराल में रहने लगी। करीब 15 दिन सुसराल में रहने के बाद 18 जुलाई को सुबह साढ़े आठ बजे उसके माता-पिता घर आए। उनके साथ आई महिला व दो व्यक्तियों ने खुद को एनजीओ से होना बताया। आरोप है कि हंगामा कर नाजायज पैसों की मांग करने लगे।
इस दौरान घर की अलमारी में रखे 63 हजार रुपए और सोने की जोल्या निकालकर लड़की ने अपने माता-पिता को दे दिया। दुल्हन भी उन्हीं के साथ चली गई। जब बाद में फोन किया तो उसने झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

Comment List