पीएम मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर पर ‘सेवा ज्योति अभियान’, 7 अक्टूबर को जयपुर में होंगे विभिन्न सेवा कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश कार्यालय में तैयारियों को लेकर बैठक
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री पद तक के 25 वर्ष के राजनीतिक सफर के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी सिलसिले में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयपुर शहर के सभी भाजपा पार्षद, मंडल पदाधिकारी, जयपुर के विधायक, जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और समाज के प्रति समर्पण के संदेश को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, जिम्मेदारियों और आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिए जाने के बाद 7 अक्टूबर के आयोजन का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।पार्टी स्तर पर आयोजन को व्यापक बनाने और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारियां की जा रही हैं।

Comment List