जयपुर में तीसरे चरण के मतदान के लिए दल रवाना, 3.74 लाख मतदाता करेंगे मतदान
अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश
जयपुर। पंचायतीराज आम चुनाव के तृतीय चरण के लिए सोमवार को जयपुर के श्रीभवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी परिसर से मतदान दल अंतिम प्रशिक्षण के बाद निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान दलों की रवानगी, प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री वितरण और वाहन पार्किंग सहित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। तीसरे चरण में चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर पंचायत समितियों के कुल 442 मतदान केंद्रों पर चुनाव होंगे। इन क्षेत्रों में 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और एक अन्य मतदाता शामिल हैं।
जिला परिषद के वार्ड 27 से 37 और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मंगलवार, 3 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं, पंच-सरपंच पदों के लिए गुरुवार, 5 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना होगी। उपसरपंच पद के लिए 6 नवंबर को चुनाव होगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना 20 नवंबर को होगी।

Comment List