Weather Update : चक्रवात अर्नब का राजस्थान में दिखेगा असर, 30 अक्टूबर को 22 जिलों में बारिश का अलर्ट
हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान
जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर राजस्थान के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छा सकते हैं। वहीं, कुछ जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को जयपुर और कोटा समेत 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 30 अक्टूबर को 22 जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है। खास बात यह है कि 30 अक्टूबर को पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिलों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान होना है। इनमें से अजमेर, अलवर, भीलवाड़ा, दौसा, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, जोधपुर, करौली, कोटा, नागौर, पाली, राजसमंद और सीकर सहित 14 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले दो दिन मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग में 29-30 अक्टूबर को बादल छाने और कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मौसम प्रभावित हो सकता है।

Comment List