सुकेत में भाजपा के विकास चौहान ने एक वोट से जीता उपाध्यक्ष का चुनाव, कांग्रेस को हराया
13-12 से जीता मुकाबला
सुकेत। सुकेत नगरपालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी विकास चौहान ने कांग्रेस के अब्दुल इस्लाम को मात्र एक वोट के अंतर से हरा दिया। री वोटिंग के बाद शनिवार को हुए उपाध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी के विकास चौहान को 13 वोट मिले, जबकि अब्दुल इस्लाम को 12 वोट हासिल हुए। इस कड़े मुकाबले में बीजेपी प्रत्याशी ने नगर पालिका में अपनी जीत दर्ज कराई।
गौरतलब है कि नगर पालिका बनने के बाद सुकेत में पहली बार निकाय चुनाव हुए हैं। सुकेत पालिका के कुल 25 वार्डों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी दोनों मुख्य दलों को 10-10 सीटें मिली थीं। जबिक चार पर निर्दलीय प्रत्याशी विजय हुए थे। वहीं वार्ड नंबर 4 में ईवीएम में खराबी आने के कारण दुबारा मतदान हुआ था। जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली थी। इस प्रकार कांग्रेस के 11 और बीजेपी के 10 प्रत्याशी होने के बावजूद बीजेपी सुकेत में अपना बोर्ड बनवाने में कामयाब हो गई।
शनिवार को 5 बजे तक चले मतदान के दौरान कड़े मुकाबले में बीजेपी उम्मीदवार विकास चौहान ने 13 मत हासिल कर कांग्रेस के अब्दुल इस्लाम को एक वोट से हरा दिया। वहीं शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भी बीजेपी के जितेंद्र चोपड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी उमरदीन को एक वोट से हराने में कामयाबी हासिल की थी। अध्यक्ष पद के लिए भी बीजेपी को 13 और कांग्रेस के उमरदीन को 12 वोट मिले थे।

Comment List