असर खबर का -कलक्टर ने पूरे जिले में फ्री राशन वितरण पर लगाई रोक
दैनिक नवज्योति में खबर प्रकाशित होते ही एक्शन में आया प्रशासन
रावतभाटा। दैनिक नवज्योति में रविवार को रावतभाटा क्षेत्र में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो लगा फ्री राशन किट एक्सपायरी डेट होने के बावजूद भी ग्राहकों को देने वाली खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत एक्शन में आते हुए जिला कलक्टर आलोक रंजन ने फ्री राशन योजना के डिस्ट्रीब्यूटर मोहन ट्रेडर्स जिला उदयपुर पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के आदेश दिए। जानकारी के अनुसार रावतभाटा उपखंड अधिकारी महेश गोगरीया और जिला रसद अधिकारी के नेतृत्व में क्षेत्र के राशन डीलर की दुकानों पर जाकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की फोटो लगी सामग्री का निरीक्षण किया। जिसमें एक्सपायरी डेट की सामग्री के पैकेट सील कर कार्रवाई की। जिला फूड इंस्पेक्टर घनश्याम ने सेंपलिंग के लिए फ्री राशन सामग्री योजना के पैकेट को सीजकर सील किया।
निरीक्षण में मिले पूर्व मुख्यमंत्री की फोटो लगे किट
उपखंड अधिकारी महेश गोगरीया और जिला रसद अधिकारी ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के फोटो लगे फ्री राशन योजना के एक्सपायरी डेट के किट सीज किए। राशन डीलर को हिदायत दी कि किसी भी प्रकार से इस योजना के किटों का वितरण नहीं किया जाए।
कलक्टर आलोक रंजन के आदेशानुसार राशन डीलर की दुकान का रात्रि में निरीक्षण कर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के फोटो लगे एक्सपायरी डेट फ्री राशन किट को जब्त कर सीज किया गया। उच्च अधिकारियों को जानकारी भेजी गई।
-महेश गोगरीया, उपखंड अधिकारी
निरीक्षण के दौरान मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल जाटव की मौजूदगी में सामग्री को सीज कर सेंपलिंग के लिए उदयपुर भेजा जाएगा। आगे की जो भी कार्रवाई होगी वह अधिकारी के आदेशानुसार मान्य होगी।
-घनश्याम, जिला फूड इंस्पेक्टर
हमारी दुकान में 674 फ्री राशन किट आए थे। जिसमें से 239 राशन किट बांट दिए गए और बाकी बचे किट को वितरण से रोक दिया गया है। इन किट का क्या करना है इसकी कोई जानकारी विभाग द्वारा अभी तक हमें नहीं दी गई है।
-श्याम गुलाटी, राशन डीलर

Comment List