असर खबर का - चंबल के मछुआरों पर बड़ी कार्रवाई, 2 नाव तोड़ी, 15 जाल जब्त
मुकुंदरा टाइगर रिजर्व की बोराबास रेंज ने गश्त के दौरान कार्रवाई को दिया अंजाम
कोटा। मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व ने अवैध मतस्य आखेट करने वालों के खिलाफ गुरुवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बोराबांस रेंज की टीम ने भीतरीया कुंड के सामने चंबल नदी में मछुआरों के अवैध 15 जाल, 10 ट्यूब व 3 नाव जब्त किए। इनमें से दो नाव को मौके पर ही तोड़कर चंबल में बहा दी गई। वहीं, एक नाव को सीसीएफ कार्यालय स्थित जेटी पर लाया गया। दरअसल, कोटा थर्मल स्थित डियर पार्क से गरड़िया महादेव तक चंबल का ऊपरी इलाका नेशनल चंबल घड़ियाल सेंचुरी में आता है, जो मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का हिस्सा है। बैराज की अप व डाउन स्ट्रीम में लोग अवैध मतस्य आखेट करते हैं। दैनिक नवज्योति ने कई बार लाइव तस्वीरों के साथ समाचार प्रकाशित कर विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इसके बाद मुकुंदरा प्रशासन हरकत में आया और नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाकर कार्रवाई को अंजाम दिया।
जाल के साथ 10 ट्यूब की जब्त की: बोराबांस रेंजर एवं कार्यवाहक एसीएफ जनक सिंह ने बताया कि थर्मल स्थित डियर पार्क से गराड़िया महादेव तक मुकुंदरा टाइगर रिजर्व द्वारा नियमित गश्त की जा रही है। अवैध मतस्य आखेट रोकने के लिए पेट्रोलिंग कर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर को गश्ती दल गरड़िया महादेव से सीसीएफ आॅफिस स्थित जेटी तक गश्त की जा रही थी। इस दौरान डियर पार्क के पास नदी में मछुआरों की तीन अवैध नाव दिखाई दी। वहां पहुंचे तो नदी में ट्यूब के सहारे एक दर्जन से अधिक मछली पकड़ने के लिए जाल बिछाई हुई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए 15 जाल, 10 ट्यूब व 3 नाव जब्त की। जिसमें से 2 नाव को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
नवज्योति ने उजागर किया था अवैध मतस्य आखेट
दैनिक नवज्योति ने 30 दिसम्बर के अंक में मुकुंदरा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में जमकर चली दारू-नॉनवेज पार्टी शिर्षक से समाचार प्रकाशित कर अवैध मतस्य आखेट का खेल उजागर किया था। राष्टÑीय चम्बल घड़ियाल सेंचूरी में अवैध गतिविधियों के लाइव फोटो प्रकाशित कर व वीडियो उपलब्ध करवाकर विभाग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया था। इसके बाद 4 फरवरी को मतस्याखेट की लाइव तस्वीरें प्रकाशित की थी। इसके बाद विभाग हरकत में आया और पेट्रोलिंग व गश्त बढ़ाकर इललीगल फिशिंग के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।

Comment List